पहली जून से चलाया जाएगा विशेष एंटी-चिट्टा अभियान

Update: 2026-05-30 10:14 GMT
Noorpur. नूरपुर। हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों की अनुपालना में शुक्रवार को पुलिस जिला नूरपुर के कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय नार्को समन्वय केंद्र की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा द्वारा की गई, जिसमें पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी विभाग और नशा मुक्ति केंद्रों के मुख्य अधिकारियों ने व्यक्तिगत व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक में एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिले में 22 अति-संवेदनशील पंचायतों की पहचान की गई है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे इन क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों की बैठकों और सदस्यों की उपस्थिति की कड़ी निगरानी व सत्यापन
सुनिश्चित करें।


उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 64 नशा निवारण समिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। जमीनी स्तर पर इस अभियान को मजबूत करने के लिए उन्होंने सभी एसडीएम और एसडीपीओ को स्वयं इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से भाग लेने के निर्देश दिए। युवाओं को जागरूक करने के लिए शिक्षण संस्थानों में लगातार लेक्चर व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। एसपी नूरपुर ने सभी गतिविधियों को एनसीओआरडी ग्रुप पर अपडेट करने को कहा। बैठक में एसपी नूरपुर ने अवगत कराया कि राज्य स्तरीय एनसीओआरडी बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, प्रदेश में एक जून से 15 अगस्त 2026 तक एक विशेष एंटी-चिट्टा ड्राइव अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Tags:    

Similar News