Sujanpur. सुजानपुर। बरसात की पहली ही बारिश ने सुजानपुर-आलमपुर-संधोल मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मार्ग पर जगह-जगह से पहाड़ी दरकने और चट्टानें गिरने की घटनाएं सामने आने लगी हैं, जिससे इस सडक़ पर सफर करना जोखिम भरा होता जा रहा है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद आलमपुर-सुजानपुर-संधोल मार्ग पर पुल के समीप अचानक पहाड़ी से चट्टान और मलबा सडक़ पर आ गिरा।
उसी समय एक वाहन चालक अपनी बहन को लेकर इस मार्ग से गुजर रहा था। अचानक ऊपर से चट्टान गिरने के कारण चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाई और वाहन को सुरक्षित रोक लिया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिस कारण कई स्थानों पर पहाडिय़ां खुली हुई हैं। क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जाल लगाए जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नियमित रूप से मलबा हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।