मंत्रिमंडल की बैठक में हमीरपुर के लिए बहुत कुछ

Update: 2025-11-25 11:24 GMT
हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सोमवार को शिमला में आयोजित मंत्रीमंडल की बैठक में हमीरपुर को एक साथ कई सौगातें दी गई हैं। बैठक में हमीरपुर के स्वास्थ्य और शिक्षा ढांचे पर विशेष फोकस किया गया है। मंत्रिमंडल की बैठक में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर में नौ सुपर स्पेशियलिटी विभागों के सृजन के अलावा प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर और सीनियर रेजिडेंट एवं 73 पदों के सृजन और भरने को स्वीकृति दी गई जोकि स्वास्थ्य सेवाओं में मुख्यमंत्री का न केवल बड़ा फैसला है बल्कि जिला हमीरपुर और आसपास के जिलों के लिए भी बड़ी सौगात है।
बता दें कि मेडिकल कालेज को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुरू से ही अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते आए हैं और यहां कैंसर यूनिट से लेकर नर्सिंग और डेंटल कालेज तक की घोषणाओं के अलावा रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की घोषणा भी पिछले तीन वर्षों में की जा चुकी हैं। यही नहीं अणु स्थित राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर को समर्पित विज्ञान महाविद्यालय में परिवर्तित करने और एकीकृत बीएड (बी.एससी.) कार्यक्रम आरंभ करने के लिए एक यूनिट शुरू करने को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत कॉलेज में साईंस कक्षाओं पर विशेष फोकस रहेगा। यही नहीं मंत्रिमंडल की बैठक में जिला मुख्यालय स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) हमीरपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, हमीरपुर (छात्रा) का विलय कर अगले शैक्षणिक सत्र से सह-शैक्षिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनाने का निर्णय लिया गया। बता दें कि पिछले कई वर्षों से हमीरपुर में गल्र्स और ब्बॉयज के अलग-अलग विद्यालय शहर में चल रहे हैं। अब इन्हें आपस में मर्ज किया जाएगा। ऐसे में किसी एक स्कूल में शिक्षा विभाग को कोई बड़ा कार्यालय बनाए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा मंत्रिमंडल ने हमीरपुर जिला के बमसन और हमीरपुर विकास खंडों के पुनर्गठन की भी मंजूरी प्रदान की है जोकि आमजन के लिए राहत भरा फैसला है।
Tags:    

Similar News