सोलन। जीनियस ग्लोबल स्कूल सोलन ने शनिवार को कोठों स्थित कला मंच ऑडिटोरियम में वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘सफरनामा’ रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन किया। दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियां देखने के लिए अभिभावकों में खासा उत्साह रहा। दर्शकों से खचाखच भरे ऑडिटोरियम में पूरे समय उत्सव का माहौल बना रहा। सुबह के सत्र में राज्यसभा सांसद प्रो. डा. सिकंदर कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। भाजपा प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, कबड्डी चैंपियन ज्योति ठाकुर और जेएम लैबोरेटरी के मालिक आशीष विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

स्कूल की डायरेक्टर नीति शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यातिथि प्रो. डा. सिकंदर ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और राष्ट्र के विकास में उनकी अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है। समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वहीं, पंजाबी नाटियों और देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया। डायरेक्टर नीति शर्मा ने कहा कि समारोह की तैयारियों में शिक्षक और विद्यार्थी लंबे समय से जुटे थे। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और टीम भावना विकसित करने का अवसर देते हैं। स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
Tags: