Indore. इंदौर। शहर की एक कूलर निर्माण फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इंदौर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रोहित सिसोनिया ने बताया, "जैसे ही हमें सूचना मिली, हमारी दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने में मदद की।
निर्धारित समय में आग पर काबू पा लिया गया है।" उन्होंने यह भी कहा कि फैक्ट्री के निर्माण लाइसेंस की जांच की जाएगी और अगर यह अवैध पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी। दमकल विभाग के मुताबिक, फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।