पांच साल के रिश्ते का दर्दनाक अंत, शादीशुदा प्रेमी ने प्रेमिका को मौत के घाट उतारा

प्रेमी पर हत्या का आरोप

Update: 2026-05-14 15:01 GMT
Haryana हरियाणा: अंबाला जिले में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि युवक ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर प्रेमिका की हत्या की और बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे जलाने की कोशिश की।
मृतका की पहचान बराड़ा थाना क्षेत्र निवासी अमनदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमनदीप का पिछले पांच वर्षों से संदीप कुमार नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था। मंगलवार को वह अपनी मां की मेडिकल रिपोर्ट लेने बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती आखिरी बार आरोपी के किराए के कमरे पर गई थी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी एक बड़े बैग के साथ दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी, जबकि वह पहले से शादीशुदा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती की कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को बैग में रखा और कार से हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। पुलिस ने अधजली हालत में शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
Tags:    

Similar News