दंतेवाड़ा पुलिस का सराहनीय प्रयास, अभियान में 14 लाख से अधिक के 70 गुम मोबाइल लौटाए

छग

Update: 2025-12-31 14:16 GMT
Dantewada. दंतेवाड़ा। साल के अंतिम दिन दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए ‘इया आपलो सामान निया’ कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक पहल की। इस विशेष अभियान में पुलिस ने करीब 14 लाख रुपये से अधिक कीमत के 70 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे। मोबाइल पाकर नागरिकों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। यह अभियान दंतेवाड़ा पुलिस की जनसेवा और तकनीकी दक्षता का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये सभी मोबाइल फोन मध्यप्रदेश, ओडिशा, साथ ही पड़ोसी जिले जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव से ट्रेस कर बरामद किए गए। गुम मोबाइल तलाश अभियान पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन (रापुसे) एवं साइबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के मार्गदर्शन में लगातार चलाया जा रहा है। तकनीकी संसाधनों और समर्पित टीम की मदद से पुलिस ने सीमापार जाकर भी मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें वापस लाने में सफलता हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान जब पुलिस ने नागरिकों को उनके गुम मोबाइल लौटाए, तो लोगों ने दंतेवाड़ा पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। कई नागरिकों ने बताया कि मोबाइल खो जाने के बाद उन्हें उसके वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की मेहनत और तकनीकी समझ के कारण उनका कीमती सामान उन्हें वापस मिल सका।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा साइबर हेल्पलाइन नंबर 9479151665 जारी किया गया है। इसके अलावा भारत सरकार की ओर से संचालित 1930 हेल्पलाइन नंबर और cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा साइबर हेल्पलाइन के नाम से एक व्हाट्सएप अकाउंट भी बनाया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक सीधे व्हाट्सएप पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
एसपी गौरव राय के अनुसार, साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाया गया है। कोई भी नागरिक 24×7 साइबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा 9479151665 पर संपर्क कर सकता है या दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित प्रार्थी को व्हाट्सएप के माध्यम से ही एकनॉलेजमेंट नंबर प्रदान किया जाएगा, जिससे शिकायत की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सके। दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘साइबर संगवारी दंतेवाड़ा’ नाम से एक विशेष व्हाट्सएप चैनल भी शुरू किया है। इस चैनल के माध्यम से प्रतिदिन साइबर अपराध के नए तरीकों, उनसे बचाव और सावधानियों से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी।
आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस चैनल से जुड़कर खुद को और अपने परिवार को साइबर ठगी से सुरक्षित रखें। एसपी ने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध व्हाट्सएप कॉल, मैसेज, लिंक या बैंक एवं सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन दंतेवाड़ा 9479151665 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि “सुरक्षा ही सावधानी है और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव है।” दंतेवाड़ा पुलिस का यह अभियान न केवल नागरिकों के खोए सामान को लौटाने में सफल रहा, बल्कि साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित हुआ है।
Tags:    

Similar News