Ghanari. घनारी। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत घनारी नंगल जरियाला और आसपास के क्षेत्रों में लगातार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी चिंता का विषय बनती जा रही है। सडक़ों पर बिना हेलमेट वाहन चलाना, एक बाइक पर क्षमता से अधिक लोगों का सफर करना, तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाना, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने जैसी घटनाएं आए दिन देखने को मिल रही हैं। हाल ही में तहसील घनारी क्षेत्र में एक ही बाइक पर चार नाबालिग प्रवासियों के सफर का मामला सामने आया, जिसने सडक़ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। ऐसे मामलों से न केवल नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि वाहन चालक और अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। क्षेत्र में बिना साइलेंसर वाली मॉडिफाइड बाइकें, प्रेशर हॉर्न का उपयोग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। इससे आम लोगों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। कुछ समय पहले तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में एक स्कूटी सवार की मौत की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था।