अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 'सुगम दर्शन' व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके तहत ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की उपलब्धता तत्काल प्रभाव से बढ़ा दी गई है। वहीं, एडवांस बुकिंग की समयसीमा 15 दिन से बढ़ाकर 90 दिन करने का निर्णय लिया गया है।



अब 90 दिन पहले कर सकेंगे दर्शन की बुकिंग
ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन उपायों को मंजूरी दी है। यह निर्णय ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (सेवानिवृत्त), आईटी विभाग और अन्य प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लिया गया। नई व्यवस्था के अनुसार, श्रद्धालु भविष्य में 90 दिन पहले तक सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन पास बुक कर सकेंगे। फिलहाल एडवांस बुकिंग की समयसीमा 15 दिन है। नई बुकिंग विंडो लागू होने से दूर-दराज से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी।
बिना सिफारिश और बिचौलियों के मिलेगा पास
ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिक से अधिक श्रद्धालु सीधे ऑनलाइन माध्यम से दर्शन पास प्राप्त कर सकें। इसके लिए किसी सिफारिश या बिचौलिए पर निर्भर रहने की आवश्यकता न पड़े। ट्रस्ट दर्शन पास की मांग, बुकिंग प्रक्रिया और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करेगा। आवश्यकता पड़ने पर पास की उपलब्धता और बढ़ाई जा सकेगी। महासचिव ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र मिश्रा को सभी उपायों के प्रशासनिक क्रियान्वयन की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इन फैसलों से रामलला के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Tags: