New Delhi. नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा अचानक क्लासरूम में बेहोश होकर गिर पड़ी। बच्ची को तत्काल निर्माण विहार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार, 4 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे की है। छात्रा अन्य बच्चों के साथ स्कूल पहुंची थी। इसी दौरान कक्षा में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह फर्श पर गिर पड़ी।


बच्ची को अचेत देखकर शिक्षकों ने तत्काल मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9:52 बजे इस घटना के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि क्लासरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्ची के अचानक गिरने की घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में छात्रा कक्षा के भीतर पहुंचने के बाद अचानक संतुलन खोकर नीचे गिरती दिखाई दे रही है। शिक्षक तुरंत उसकी सहायता के लिए आगे बढ़ते हैं।

पुलिस स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। इसके साथ ही घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। छात्रा की अचानक मौत के पीछे चिकित्सकीय कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी किसी निश्चित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इस दुखद घटना ने स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Tags: