खेलते-खेलते लिफ्ट बनी मौत का फंदा! 7 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत
दिल दहलाने वाली घटना घटी है.
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में एक दिल दहलाने वाली घटना घटी है। यहां के सिंहगढ़ रोड क्षेत्र स्थित निंबजनगर के ऋद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में खेलते समय लिफ्ट में फंसने से 7 वर्षीय मासूम शिवांश शैलेश धूत की दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे हुई।
सिंहगढ़ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटणकर ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे शिवांश शैलेश धूत (उम्र 7 वर्ष) लिफ्ट के दोनों दरवाजों के बीच फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में सिंहगढ़ रोड पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। प्राथमिक जांच में लिफ्ट में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी सामने नहीं आई है। मामले की आगे जांच जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिसर में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय शिवांश सोसायटी परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह लिफ्ट के भीतर चला गया और उसने गलती से लिफ्ट का बटन दबा दिया और यह भायनक हादसा हो गया। इसके बाद जब काफी समय तक शिवांश नजर नहीं आया को परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान शिवांश लिफ्ट के दोनों दरवाजों के बीच बुरी तरह से फंसा हुआ मिला। जब परिवार और सोसायटी के लोगों ने यह मंजर देखा तो उनके पैरों तले से जमीन निकल गई।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की सहायता से बच्चे के शव को लिफ्ट से बाहर निकाला। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस को कोई साजिश या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। खबर है कि लिफ्ट का मेंटेनेंस सोसायटी मैनेजमेंट की तरफ से ही किया जाता है।