Market. मंडी। श्रीनगर से लेह घूमने निकले 35 हिमाचलियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित घर पहुंचाया गया है। श्रीनगर से कन्याकुमारी राष्ट्रीय राजमार्ग राजबन क्षेत्र में पांच दिनों तक अवरोध रहने के कारण हिमाचल का दल फंस गया था। अनंतनाग में हुए आतंकी हमले के बाद सीआरपीएफ के कैंप में इन रेस्क्यू किए गए हिमाचलियों को ठहराया गया और फिर यहीं से कड़ी सुरक्षा के बीच पहले जम्मू और फिर हिमाचल के लिए रवाना किया गया। इस दल को श्रीनगर से हिमाचल लाने के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अहम भूमिका निभाई है। श्रीनगर में फंसे इस दल में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के मीडिया को-ऑर्डिनेटर पुरुषोतम शर्मा परिवार सहित शामिल रहे हैं।
श्रीनगर में भूस्खलन और सुरक्षा कारणों से फंसे हिमाचल प्रदेश के 35 पर्यटकों को प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मदद से जम्मू होते हुए हिमाचल पहुंचाया गया है। इस रेस्क्यू में श्रीनगर आईजी कश्मीर विरधी, एसएसपी कुलगाम, एसएसपी ट्रैफिक राजबन, सीआरपीएफ कैंप-163 की पूरी टीम, श्री अमरनाथ यात्रा लंगर समिति मथुरा, सीआरपीएफ काफिला टीम तथा श्रीनगर में तैनात बालीचौकी निवासी मीने राम खत्री ने सहयोग किया है। श्रीनगर के राजबन के पास फंसे हिमाचली दल में हमीरपुर और मंडी के लोग शामिल थे। मंडी के दल में पांच वाहनों में 25 लोग सवार रहे, जबकि जिला हमीरपुर के नादौन से पांच अन्य वाहनों में आए दस पर्यटक भी उसी कैंप में ठहरे हुए थे। सभी 35 लोगों को एक साथ सुरक्षित बाहर निकाला गया।