Himachal Pradesh. हिमाचल प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कालेजों में 320 नई स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल सीटों को मंजूरी दिए जाने के निर्णय ने प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा गत शनिवार को की गई महत्त्वपूर्ण घोषणा से हिमाचल प्रदेश के मेडिकल विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर
उपलब्ध होंगे।


इस निर्णय को प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। भारत सरकार द्वारा इन नई पीजी मेडिकल सीटों के लिए लगभग 415 रुपए करोड़ का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इस निर्णय से प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कालेजों में चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा और आने वाले वर्षों में विशेषज्ञ डाक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चिकित्सा शिक्षा को सुलभ बनाने और देश में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की दिशा में हिमाचल प्रदेश को मिली यह स्वीकृति एक महत्त्वपूर्ण कदम है। वहीं केंद्र सरकार से मिली सौगात को हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Tags: