पूर्व रणजी खिलाड़ी के घर 35 लाख की चोरी, नाबालिग बेटे समेत चार गिरफ्तार
नकदी जेवर बरामद
Merath मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में पूर्व रणजी खिलाड़ी के घर हुई करीब 35 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने चार घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात की साजिश खिलाड़ी के 14 वर्षीय बेटे ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर रची थी। शुरुआती पूछताछ में पिता की डांट और संपत्ति से बेदखल करने की धमकी से नाराजगी की बात सामने आई है। पुलिस ने नाबालिग और उसके तीन साथियों को पकड़कर चोरी की पूरी नकदी और जेवर बरामद करने का दावा किया है।
घटना नौचंदी थाना क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता रेलवे में खेल कोटे से कर्मचारी हैं और हापुड़ रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ स्कूटी से हापुड़ रोड पर सामान खरीदने गए थे। उनका बेटा घर की दूसरी मंजिल पर मौजूद था। परिवार के अनुसार, बाहर जाते समय मुख्य दरवाजे पर ताला लगाया गया था। कुछ देर बाद बेटे ने फोन करके बताया कि कमरे में सामान बिखरा हुआ है और अलमारी खुली पड़ी है। सूचना मिलते ही परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला खुला मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। शिकायत में सेफ से 10 लाख रुपये नकद, करीब 10 तोले सोने के आभूषण, चांदी की एक ईंट, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की बात कही गई।
नौचंदी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें हुडी और मास्क पहने दो युवक पैदल आते दिखाई दिए। दोनों कुछ देर आसपास घूमने के बाद ताला खोलकर घर में दाखिल हुए। करीब आधे घंटे बाद वे सामान लेकर बाहर निकलते नजर आए। पुलिस को चाबी से ताला खोले जाने और बेटे के बयान पर संदेह हुआ। जांच टीम ने संदिग्ध युवकों के आने-जाने के रास्तों की फुटेज देखी और उनकी पहचान कर पूछताछ की। इसी दौरान एक अन्य युवक की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवकों ने बताया कि नाबालिग ने ही उन्हें घर की चाबी उपलब्ध कराई थी। उनकी मुलाकात उससे जिम में हुई थी।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पिता चाहते थे कि बेटा क्रिकेटर बने, जबकि उसकी क्रिकेट में रुचि नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन होती थी। आरोप है कि डांट और संपत्ति से बेदखल करने की धमकी से नाराज होकर नाबालिग ने दोस्तों के साथ चोरी की योजना बनाई। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर चार घंटे के भीतर घटना का खुलासा किया। उनके मुताबिक, चोरी हुए 10 लाख रुपये और सभी जेवर बरामद कर लिए गए हैं। मामले में तीन अन्य आरोपियों रोहित, ओम सरीन और अंकित को भी पकड़ा गया है। पुलिस अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।