रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 की मौत, चश्मदीदों ने हादसे की आंखोदेखी सुनाई
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई. हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. मरने वालों में 9 महिलाएं, 4 पुरुष और 5 बच्चे हैं. इनमें सबसे ज्यादा बिहार के 9, दिल्ली के 8 और एक हरियाणा का रहने वाला है. यह घटना रात करीब 10 बजे के आसपास प्लेटफार्म 13 और 14 पर हुई. घटना के वक्त हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ में जाने के लिए स्टेशन पर एकत्रित हो रहे थे. इस बीच, नई ट्रेन की घोषणा के बाद भगदड़ मच गई. शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि ट्रेनों में देरी से भीड़ का दबाव बढ़ रहा था. नई ट्रेन की घोषणा से यात्री प्लेटफार्म 16 पर जाने के लिए भागने लगे. रेलवे पुलिस और दिल्ली पुलिस ने घायलों को एलएनजेपी और लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ का क्या कारण है? यह सवाल हर किसी के जेहन में है और इसका जवाब जानना चाहता है. भगदड़ पर जांच की शुरुआती रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, विशेष ट्रेन की घोषणा के कारण रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई थी. जांच रिपोर्ट और स्थिति से परिचित सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लगातार भीड़ बढ़ रही थी. हालात यह थे कि एक घंटे के अंदर 1500 टिकट खरीदे जा रहे थे. बड़ी संख्या में भीड़ महाकुंभ जाने वालों की थी. जबकि प्रयागराज जाने वालीं दो स्पेशल ट्रेनें देरी से चल रही थी. ऐसे में रेलवे ने एक और प्रयागराज स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया और प्लेटफॉर्म नंबर 16 से जाने की घोषणा कर दी. ऐसे में अन्य प्लेटफॉर्म पर इंतजार में बैठे लोग स्पेशल ट्रेन में सवार होने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर जाने के लिए भागने की कोशिश करने लगे. स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका. सूत्रों का कहना है कि प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु प्लेटफॉर्म 14 पर बैठे थे और स्पेशल ट्रेन आने का इंतजार कर रहे थे. जबकि इससे सटे प्लेटफॉर्म नंबर 13 पर बिहार के लिए ट्रेन जानी थी. अनाउंसमेंट के बाद भीड़ प्लेटफॉर्म 16 पर पहुंचने के लिए भागने लगी और लोग इसकी चपेट में आ गए.