Una. ऊना। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा रविवार को जिला ऊना के चार परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए थे, जिसके चलते सभी केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के आयोजित की गई। नीट परीक्षा की सिटी कोऑर्डिनेटर एवं पीएम केंद्रीय विद्यालय सलोह की प्रधानाचार्य नीलम गुलेरिया ने बताया कि जिले में इस पुनर्परीक्षा के लिए चार परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे।
इनमें पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला, बीबीएमबी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोह, पीएम केंद्रीय विद्यालय सलोह तथा पीएम राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बहडाला शामिल रहे। उन्होंने बताया कि इन चारों परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,545 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया था। इनमें से 1,393 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 152 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में उपस्थित रहने का प्रतिशत संतोषजनक रहा और अधिकांश परीक्षार्थियों ने समय पर केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा दी।नीलम गुलेरिया ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा सुरक्षा मानकों को पूरी तरह लागू किया गया। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई थी। ताकि दिक्कत न हो।