सैंज। अढ़ाई दशकों बाद तैयार हुए देश के महत्त्वाकांक्षी पार्वती प्रोजेक्ट चरण दो में मंगलवार को विधिवत रूप से ऊर्जा उत्पादन शुरू हो गया है। भले ही पार्वती परियोजना काफी देर से बनी है, किंतु ऊर्जा की नवरत्न कंपनी एनएचपीसी के लिए सौगात लेकर आई है। पार्वती दो के सियूंड स्थित पावर हाउस में मंगलवार को ऊर्जा उत्पादन के पहले ही दिन 13 लाख यूनिट बिजली पैदा की है, जो कि ऊर्जा उत्पादन के शुरुआती दौर में अपने आप में एक रिकार्ड है।
पार्वती प्रबंधन के आंकड़ों के मुताबिक प्रोजेक्ट में कमाई करने के मामले में बाजी मारी है और देर शाम तक पहले दिन की कमाई एक करोड़ बीस लाख बताई गई है। खुशी की बात यह है कि 12 फीसदी रॉयल्टी मिलने के एवज में पहले ही दिन प्रदेश सरकार को 15 लाख रुपए मिलने शुरू हो गए हैं। गौरतलब है कि इस परियोजना से प्रदेश सरकार को 12 फीसदी मुफ्त बिजली मिलेगी। प्राजेक्ट के सफल संचालन पर स्टाफ ने डीजे की धूनों पर जमकर डांस किया।