शिमला। प्रदेश सरकार ने नशा तस्करों पर शिंकजा कस दिया है। प्रदेश में जहां नशा तस्करों की संपत्तियां ध्वस्त की जा रही हैं, वहीं नशे में लिप्त सरकारी कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। नशे के मामलों में लिप्त अब तक छह राज्य कर्मचारी एवं पांच पुलिस कर्मचारी को बर्खास्त किया जा चुका है। नशे में लिप्त सरकारी कर्मचारियों एवं पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
राज्य में नशा सेवन या नशे से संबंधित गतिविधियों में लिप्त 105 सरकारी कर्मचारियों एवं पुलिस कर्मियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। इसमें 16 पुलिस कर्मचारी, 71 राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा 18 बैंक एवं केंद्रीय कर्मचारी शामिल हैं। नशे से संबंधित गतिविधियों में लिप्त छह राज्य कर्मचारी तथा पांच पुलिस कर्मचारी को बर्खास्त किया जा चुका है।