अमेरिका के ओहायो राज्य की राजधानी कोलंबस में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सुबह के व्यस्त समय में दो सरकारी बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बसों के चालकों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद एक बस से तीसरा वाहन भी जा भिड़ा। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब आठ बजे शहर के उत्तरी हिस्से में हुआ।

कोलंबस पुलिस के सार्जेंट जोसेफ अल्बर्ट ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक बस किसी अज्ञात कारण से सड़क पर बनी दो पीली लाइनों को पार कर दूसरी दिशा में चली गई और सामने से आ रही बस से टकरा गई। इसके बाद एक तीसरा वाहन भी बस के पीछे या किनारे से टकरा गया।

पुलिस के अनुसार, एक बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे चालक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल नौ लोगों में बस के यात्री और तीसरे वाहन में सवार लोग शामिल हैं। सभी को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है और किसी को जानलेवा चोट नहीं आई है। हादसे में कोई पैदल यात्री घायल नहीं हुआ।

कोलंबस सिटी काउंसिल के अध्यक्ष शैनन हार्डिन और परिवहन समिति की प्रमुख लूर्डेस बारोसो डी पाडिला ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि घटना की वजह जानने की कोशिश के बीच उन लोगों और परिवारों को नहीं भूलना चाहिए, जो इस दुख की घड़ी से गुजर रहे हैं।

आयोवा में विस्फोटक रसायनों को नष्ट करने पर ट्रंप ने लगाई रोक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयोवा के एक सैन्य कारखाने में खतरनाक रसायनों को विस्फोट से नष्ट करने की योजना पर फिलहाल रोक लगा दी है। उन्होंने सेना को आदेश दिया है कि अदालत की मंजूरी मिलने तक कोई विस्फोट न किया जाए।

दरअसल, आयोवा के सैन्य कारखाने में बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले लेड एजाइड के 68 ड्रम मिले थे। इनमें रसायन खराब होने और क्रिस्टल बनने के कारण विस्फोट का खतरा बढ़ गया है। सेना इन्हें नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट करना चाहती थी।

हालांकि, पर्यावरण संगठनों ने इस योजना का विरोध करते हुए अदालत में याचिका दायर की थी। उनका कहना है कि रसायनों को नष्ट करने के दूसरे तरीकों पर ठीक से विचार नहीं किया गया। ट्रंप ने कहा कि वह इन रसायनों को जल्द से जल्द नष्ट करना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए अदालत और आयोवा के नवनिर्वाचित गवर्नर रॉब सैंड की सहमति जरूरी होगी। फिलहाल अदालत के फैसले तक विस्फोट नहीं किया जाएगा।

 

Tags: