उत्तर बंगाल में सर्दी का असर, मैदानी इलाकों में छाएगी धुंध
दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में बढ़ेगा सर्दी का असर
कोलकाता: नवंबर की विदाई के साथ पश्चिम बंगाल में सर्दियों का एहसास गहराने लगा है। दिन में खिलती धूप के बीच सुबह और रात की ठंड मौसम में बदलाव का संकेत दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर से दक्षिण बंगाल तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।
अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी पांच दिनों तक राज्य के किसी भी जिले के लिए खराब मौसम या बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है।
कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। शनिवार को भी राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के हावड़ा, हुगली, नदिया, मुर्शिदाबाद, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम तथा पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमांचल के जिलों में सुबह और रात के दौरान ठंड का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक महसूस किया जा सकता है।
वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, मालदा और दोनों दिनाजपुर जिलों में भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी का असर अधिक रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल में शुष्क मौसम का सिलसिला जारी रहेगा। सुबह और रात में बढ़ती ठंड के बीच दिन में धूप से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।