कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से हटाए गए लोगों को पुलिस थानों में बुलाने और उनसे दस्तावेज मांगे जाने की खबरों के बीच नागरिक अधिकारों से जुड़ा संगठन एपीसीआर सक्रिय हो गया है। संगठन ने इस प्रक्रिया के कानूनी आधार पर सवाल उठाते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक, मुख्य सचिव और एडिशनल इलेक्टोरल ऑफिसर को ज्ञापन सौंपा है।

एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) की पश्चिम बंगाल इकाई की ओर से उमर ओवेसी ने बताया कि हावड़ा सहित विभिन्न जिलों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। पुलिस द्वारा कथित तौर पर मतदाता सूची से हटाए गए लोगों को थानों में बुलाया जा रहा है। कुछ स्थानों पर कैंप आयोजित कर उनसे दस्तावेज मांगे जाने की जानकारी भी सामने आई है।

उमर ओवेसी के मुताबिक, संगठन ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर यह जानने का प्रयास किया कि दस्तावेज मांगने की प्रक्रिया किस कानूनी आदेश अथवा अधिसूचना के तहत संचालित की जा रही है। हालांकि, संगठन को अब तक किसी आधिकारिक आदेश या नोटिस की जानकारी नहीं मिली है।

एपीसीआर ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि यदि इस संबंध में कोई वैध आदेश या अधिसूचना जारी की गई है, तो उसे उपलब्ध कराया जाए।

उमर ओवेसी ने नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि दस्तावेज मांगे जाने की स्थिति में संबंधित प्रक्रिया का आधिकारिक आधार जानना चाहिए। दस्तावेज जमा करने पर लिखित पावती लेने और थाने बुलाए जाने की स्थिति में लिखित नोटिस मांगने की भी अपील की गई है।

संगठन का कहना है कि प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने से नागरिकों के बीच उत्पन्न भ्रम दूर हो सकेगा। फिलहाल एपीसीआर को संबंधित अधिकारियों के जवाब का इंतजार है।

Tags: