मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले ने पशुपालन और पशुधन विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मांस उत्पादन के साथ बत्तख और मुर्गी के चूजों के उत्पादन में जिला पूरे राज्य में पहले स्थान पर रहा है। वहीं दूध उत्पादन और कृत्रिम गर्भाधान के मामले में जिले को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय पशुधन सप्ताह के दौरान जिले को सम्मानित किया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पश्चिम मेदिनीपुर में इस वर्ष 1 लाख 80 हजार मीट्रिक टन मांस का उत्पादन हुआ, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 1 लाख 60 हजार मीट्रिक टन था। इस तरह एक वर्ष में 20 हजार मीट्रिक टन की वृद्धि दर्ज की गई। जिले के गड़बेत्ता-दो प्रखंड ने वित्त वर्ष 2025-26 में 14 हजार मीट्रिक टन मांस उत्पादन के साथ पहला स्थान हासिल किया।

मेदिनीपुर स्थित राज्य पोल्ट्री फार्म ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। यहां मुर्गी के चूजों का उत्पादन 4,29,546 से बढ़कर 4,59,546 हो गया है। वहीं बत्तख के बच्चों का उत्पादन 2 लाख 26 हजार से बढ़कर 2 लाख 50 हजार 600 पहुंच गया।

दूध उत्पादन के क्षेत्र में भी जिले ने प्रगति की है। इस वर्ष कुल 68 करोड़ 64 लाख 25 हजार 687 किलोग्राम दूध का उत्पादन दर्ज किया गया। डेबरा प्रखंड में सालाना 4 करोड़ 25 लाख किलोग्राम दूध का उत्पादन हुआ। इसके अलावा जिले में 3 लाख 78 हजार 56 कृत्रिम गर्भाधान कराए गए।

अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय नियमित टीकाकरण, मोबाइल पशु चिकित्सा सेवाओं, पशु आहार वितरण और वैज्ञानिक पशुपालन के प्रति जागरूकता को दिया है।

जिले में पशुधन बीमा योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत 900 रुपये के बीमा प्रीमियम में पशुपालकों को केवल 144 रुपये देने होंगे, जबकि शेष राशि सरकार वहन करेगी। दुर्घटना में पशु की मृत्यु होने पर 30 हजार रुपये का मुआवजा मिलेगा।

जिला पशुधन विकास विभाग के उपनिदेशक चिन्मय चक्रवर्ती ने बताया कि नियमित उपचार और टीकाकरण से पशुओं की मृत्यु दर में कमी आई है, जिससे उत्पादन बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बीमा योजना से पशुपालकों का भरोसा और मजबूत होगा।

Tags: