West Bengal : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के रायपुर धौलहट थाना क्षेत्र स्थित पाथरप्रतिमा तृतीय बाड़ा में भयानक विस्फोट हुआ। घटना उस समय हुई जब लोग बसंती पूजा के लिए एक कमरे में पटाखे बना रहे थे। विस्फोट के बाद पूरे घर में आग लग गई। इससे सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। स्थानीय विधायक समीर कुमार जाना ने बताया कि विस्फोट के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि उसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब विस्फोट हुआ तो कुछ लोग घर के अंदर थे और आग की लपटों में घिर गए।
दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ और लोग अंदर फंस गए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। पुलिस ने बताया कि विस्फोट में कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना से स्थानीय लोगों और आस-पास के लोगों में गहरा शोक है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।