HUGLY हुगली। पश्चिम बंगाल के चंदननगर में आयोजित विशेष कार्यक्रम और शहर की आकर्षक रोशनी ने विदेशी मेहमानों का ध्यान खींचा। हुगली के जिलाधिकारी खुर्शीद अली कादरी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर खुशी जताते हुए कहा कि चंदननगर ने जिस शानदार तरीके से खुद को प्रस्तुत किया है, उससे यहां पहुंचे सभी अतिथि बेहद प्रभावित हुए हैं।
डीएम खुर्शीद अली कादरी ने बताया कि कार्यक्रम में राज्य के पर्यटन विभाग के मंत्री प्रभारी (MIC Tourism), फ्रांस के राजदूत और अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा। उन्होंने कहा कि शहर में की गई लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं की मेहमानों ने सराहना की।
डीएम ने चंदननगर में फ्रेंच फेस्टिवल के आयोजन से जुड़ी घोषणा को भी महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही शहर की रजिस्ट्री बिल्डिंग के नवीनीकरण की योजना को लेकर भी उन्होंने खुशी जाहिर की। स्थानीय विधायक की ओर से प्रस्तुत किए गए कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की जानकारी भी उन्होंने साझा की।
उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं और विकास से जुड़े प्रस्तावों की स्वीकृति से चंदननगर को नई पहचान मिलने के साथ शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को और बेहतर तरीके से सामने लाने में मदद मिलेगी। चंदननगर का फ्रांस के साथ ऐतिहासिक संबंध रहा है और शहर में आज भी फ्रांसीसी विरासत की झलक देखने को मिलती है। ऐसे में प्रस्तावित फ्रेंच फेस्टिवल सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने का माध्यम बन सकता है।
डीएम खुर्शीद अली कादरी ने कार्यक्रम की सफलता और शहर की शानदार प्रस्तुति के लिए चंदननगर के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन को मिली सराहना पूरे चंदननगर के लिए खुशी की बात है।
Tags: