खड़गपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सतर्कता दिखाते हुए शालीमार और सांतरागाछी रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग घटनाओं में तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया है। तीनों बच्चे अपने घरों से बिना बताए निकल आए थे और रेलवे स्टेशनों पर अकेले भटक रहे थे। आरपीएफ की टीम ने समय रहते बच्चों को अपने संरक्षण में लेकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की और उचित देखभाल के लिए संबंधित बाल कल्याण संस्थाओं को सौंप दिया।

रेलवे की ओर से सोमवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पहली घटना 15 नवंबर को शालीमार रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां आरपीएफ पोस्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित जांच के दौरान यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटर के पास दो नाबालिग लड़कों को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए देखा।

रोजगार की तलाश में तमिलनाडु जाना चाहते थे दोनों बच्चे

आरपीएफ कर्मियों ने दोनों बच्चों से पूछताछ की तो पता चला कि वे बिना घरवालों को बताए घर से निकल आए थे। दोनों रोजगार की तलाश में तमिलनाडु के इरोड जाना चाहते थे।

बच्चों की कम उम्र और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया। इसके बाद दोनों को शालीमार आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों नाबालिगों को उचित देखभाल और सुरक्षा के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), हावड़ा को सौंप दिया गया।

माता-पिता से विवाद के बाद घर छोड़कर आया था 14 वर्षीय लड़का

दूसरी घटना 14 नवंबर को सांतरागाछी रेलवे स्टेशन पर सामने आई। यहां आरपीएफ कर्मियों ने प्लेटफॉर्म संख्या छह पर जांच के दौरान करीब 14 वर्षीय एक लड़के को अकेले बैठे देखा।

पूछताछ करने पर लड़के ने बताया कि माता-पिता के साथ विवाद होने के बाद वह घर छोड़कर रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। उसने वापस घर लौटने से भी इनकार किया।

बच्चे की स्थिति को देखते हुए आरपीएफ कर्मियों ने उसे भोजन और पानी उपलब्ध कराया। इसके बाद उसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया, जहां उसकी देखभाल की गई।

बाल कल्याण समिति के निर्देश पर सुरक्षित हाथों में सौंपा

सांतरागाछी स्टेशन पर मिले नाबालिग के मामले में बाल कल्याण समिति, हावड़ा के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की गई। इसके बाद लड़के को उचित देखभाल और संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए इतिंदा कम्युनिटी डेवलपमेंट सोसाइटी के परामर्शदाता को सौंप दिया गया।

रेलवे सुरक्षा बल की इन कार्रवाइयों से तीनों नाबालिगों को समय रहते सुरक्षित संरक्षण मिल सका। दोनों घटनाओं में आरपीएफ ने बच्चों की उम्र और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उनकी देखभाल के लिए संबंधित बाल कल्याण संस्थाओं से समन्वय किया।

Tags: