कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित चितपुर इलाके में रविवार को एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया।घटना को लेकर डीसीपी नॉर्थ सायक दास ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और फैक्ट्री के अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ भी नहीं है।

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वास्तविक वजह फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग किस कारण से लगी।

केमिकल फैक्ट्री में आग की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर तैनात किया गया। आसपास के इलाके में भी एहतियात बरता गया, क्योंकि केमिकल फैक्ट्री में आग फैलने की स्थिति में खतरा बढ़ सकता था।

डीसीपी सायक दास ने कहा कि फॉरेंसिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले आग के कारण के बारे में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता। फिलहाल घटना में किसी तरह की जनहानि सामने नहीं आई है। फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन और आग लगने की वजह का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।

Tags: