नवनिर्वाचित विधायकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम

Update: 2026-07-01 13:33 GMT

पश्चिम बंगाल: विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों के लिए दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम (Orientation Programme) की शुरुआत 3 जुलाई से होगी। इस कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। यह आयोजन 3 और 4 जुलाई को न्यू टाउन स्थित ‘विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और विधानसभा की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देना है।

यह कार्यक्रम लोकसभा सचिवालय के संसदीय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) और पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। एक अधिकारी के अनुसार उद्घाटन सत्र में ओम बिरला के साथ मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी शामिल होंगे। इसके अलावा विधानसभा में विपक्ष के नेता रीतब्रत बनर्जी भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधायकों को विधायी कार्य प्रणाली, कार्यपालिका की जवाबदेही, समिति प्रणाली, वित्तीय प्रक्रिया, बजट निर्माण, संसदीय विशेषाधिकार और नैतिकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) पर भी विशेष सत्र आयोजित होगा, जिससे डिजिटल विधायी कार्य प्रणाली को समझाया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के अनुभवी विधायकों और पीठासीन अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। इनमें केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे और सत्रों की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा राजस्थान, सिक्किम, ओडिशा, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष, तथा सांसद एन. के. प्रेमचंद्रन, मनीष तिवारी और रविशंकर प्रसाद भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन नवनिर्वाचित विधायकों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण मंच माना जा रहा है, जिससे उन्हें विधायी कार्यों की गहरी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।

Tags:    

Similar News