जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 1 से 15 अगस्त तक होगी सेल्फ-एन्यूमरेशन: हावड़ा डीएम
Bangal बंगाल: जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। हावड़ा की जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) पी. दीपप्रिया ने बताया कि जनगणना के पहले चरण के तहत 1 अगस्त से 15 अगस्त तक सेल्फ-एन्यूमरेशन और हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करनी होगी।
डीएम पी. दीपप्रिया ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस चरण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक घर और परिवार का सटीक रिकॉर्ड तैयार करना है। उन्होंने बताया कि सेल्फ-एन्यूमरेशन के दौरान नागरिकों से लगभग 30 से 35 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके आधार पर घरों और परिवारों का विस्तृत डेटा तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर जनगणना पोर्टल पर जाकर सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक बन सकेगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि हाउस लिस्टिंग के माध्यम से प्रत्येक आवासीय इकाई का विवरण संकलित किया जाएगा, जिससे भविष्य की जनगणना और सरकारी योजनाओं के लिए विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीति निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। प्रशासन ने बताया कि जनगणना पोर्टल पर जानकारी भरने के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।