North 24 Parganas: हेलीकॉप्टर रोकने का आरोप, सियासत गरमाई

Update: 2026-04-21 06:19 GMT

उत्तर 24 परगना: खड़दह की जनसभा में तय समय से काफी देर से पहुंचने पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर साजिश करने का आरोप लगाया।

सोमवार दोपहर वह बीरभूम से हेलीकॉप्टर से खड़दह के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सभास्थल पर पहुंचने में देरी हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें काफी देर तक हेलीकॉप्टर को घुमाया गया, तब जाकर उतरने की अनुमति मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि रनवे पर करीब आधे घंटे तक उन्हें रोके रखा गया।

ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे रनवे पर करीब 30 मिनट तक खड़ा रखा गया। सब भाजपा के लोग बैठे हैं। वे जानबूझकर देरी करवा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सभा में करीब 25 मिनट तक भाषण दिया और फिर जल्दी ही वहां से निकल गईं। उन्होंने कहा कि बहुत देर हो चुकी है और हेलीकॉप्टर को उड़ान भरनी है, इसलिए उन्हें जाना पड़ रहा है।

ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि दमदम में रनवे पर उन्हें 30 मिनट तक रोका गया, जिससे सभा में पहुंचने में देर हुई। उनका आरोप है कि एयरपोर्ट पर भाजपा के लोग मौजूद रहते हैं और अनुमति देने में देरी करते हैं।

सभा की अनुमति मिलने में भी परेशानी होने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खड़दह की बैठक के लिए अनुमति लेने में काफी कठिनाई हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने की योजना बनाई जा रही है।

Tags:    

Similar News