Kolkata: एसआईआर को लेकर भाजपा का हमला
"पश्चिम बंगाल में फिर गरमाई राजनीति"
कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रोकने के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) हरसंभव प्रयास कर रही है।
बुधवार सुबह न्यूटाउन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल एसआईआर प्रक्रिया को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “एसआईआर को आगे बढ़ाने वाले सभी लोग सरकारी कर्मचारी हैं। यदि उन्हें सहयोग नहीं मिलेगा तो प्रक्रिया कैसे पूरी होगी? दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद को बचाने के लिए अदालत का रुख कर रही हैं।”
घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस नहीं चाहती कि मतदाता सूची का पारदर्शी और निष्पक्ष पुनरीक्षण हो।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी। मंगलवार को चुनाव आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी कर इसकी जानकारी दी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में बैठक के बाद नई अधिसूचना जारी की। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार तय समयसीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।