ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर किरेन रिजिजू का कांग्रेस पर हमला
दो दिन की बहस में हो गई बेनकाब
Delhi दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष Om Birla के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री Kiren Rijiju ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी वोटिंग से डरकर सदन से भाग गई।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान रिजिजू ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर दो दिन तक चली बहस में कांग्रेस पूरी तरह से बेनकाब हो गई। उन्होंने कहा कि जब वोटिंग का समय आया तो कांग्रेस के नेता सदन में मौजूद नहीं रहे।
रिजिजू ने कहा, “कांग्रेस जानबूझकर वोटिंग से डरकर भाग गई। दो दिन की बहस में उनकी स्थिति स्पष्ट हो गई थी। हमारे एनडीए के सभी सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के समर्थन में वोट देने के लिए तैयार थे, लेकिन कांग्रेस के सदस्य सदन में नहीं रहे।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि संसद जैसे महत्वपूर्ण मंच को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि चाहे Rahul Gandhi हों या कांग्रेस का कोई अन्य नेता, सभी को सदन की कार्यवाही का सम्मान करना चाहिए और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में जिम्मेदारी से भाग लेना चाहिए। रिजिजू के इस बयान के बाद संसद में सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पहले से ही तीखी बहस देखने को मिल रही है।