हुगली: खराब और हानिकारक रसायन मिले खाद्य पदार्थों को लेकर शहर के कई दुकानों और रेस्तरां पर प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब पूजा से पहले प्रशासन की नजर शहर के बड़े शॉपिंग मॉलों पर है।

बुधवार सुबह दमकल विभाग के अधिकारियों ने मणि स्क्वायर मॉल और साउथ सिटी मॉल में अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मॉल में मौजूद अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही जिन फ्लोरों पर फूड कोर्ट मौजूद हैं, वहां भी विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।

पूजा से पहले कोलकाता के बहुमंजिला शॉपिंग मॉलों में लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। आने वाले कुछ हफ्तों में पूजा की खरीदारी और खान-पान के लिए इन मॉलों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही दमकल विभाग द्वारा यह विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।

निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि मॉलों में अग्निकांड से बचाव के लिए सुरक्षा नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, प्रवेश और निकास के रास्ते नियमों के अनुसार हैं या नहीं, फायर अलार्म सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं। इसके अलावा फूड कोर्ट में सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए खाना तैयार किया जा रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।

गौरतलब है कि पिछले 19 अगस्त को कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले तारापीठ के एक होटल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी।

इन घटनाओं के बाद दमकल विभाग, कोलकाता नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर के होटल और गेस्ट हाउसों में जांच अभियान शुरू किया। जानकारी के अनुसार, कुल 960 स्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से केवल 41 स्थानों पर ही अग्नि सुरक्षा की व्यवस्था सही पाई गई।

वहीं, बाकी 919 होटल और गेस्ट हाउसों में सुरक्षा संबंधी खामियां और आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी पाई गई, जिसके बाद उन्हें बंद करने की सिफारिश की गई है।

Tags: