BJP कार्यकर्ताओं पर अंडा फेंकने का दावा

Update: 2026-07-01 15:20 GMT

पश्चिम बंगाल: विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि नदिया जिले में उन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अंडे फेंके गए और उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए गए। घटना के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

महुआ मोइत्रा के अनुसार, वह कालीगंज के पलाशी इलाके में विधायक अलीफा अहमद के घर पर आयोजित टीएमसी (कालीघाट गुट) की एक बैठक में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और ‘वापस जाओ’ के नारे लगाने लगे। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंडे भी फेंके। सांसद ने सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर प्रदर्शन आयोजित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और पुलिस प्रशासन इस मामले में मूकदर्शक बना रहा।

महुआ मोइत्रा ने यह भी दावा किया कि घटना के समय केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी थी, लेकिन लगभग एक घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बाद में पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस घटना के बाद टीएमसी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जिससे राज्य का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब महुआ मोइत्रा को विरोध का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले 13 जून को कृष्णनगर में भी उनके खिलाफ प्रदर्शन के दौरान अंडा फेंकने की कोशिश की गई थी। महुआ मोइत्रा ने पहले भी कहा था कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती तो वह इस मामले को उच्च न्यायालय और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगी। इस नए विवाद ने एक बार फिर बंगाल की राजनीति में टकराव को बढ़ा दिया है।

Tags:    

Similar News