बेलदा: पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार रात रेल पटरी के किनारे बनी एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी जलकर राख हो गई। घर में रखा सामान और अन्य जरूरी चीजें भी जलकर नष्ट हो गईं।

जानकारी के अनुसार, कनाई पंडित नामक वृद्ध पापड़ विक्रेता अपनी पत्नी के साथ पिछले कई वर्षों से रेलवे की जमीन पर बनी इस झोपड़ी में रह रहे थे। जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को दोनों पापड़ बेचने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान झोपड़ी में अचानक आग लग गई।

झोपड़ी से आग की लपटें उठती देखकर स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। खबर मिलने के बाद कनाई पंडित और उनकी पत्नी जब वापस लौटे तो देखा कि उनका पूरा घर जल चुका है।

आग में घर और सामान के साथ वृद्ध दंपत्ति का सिर छिपाने का सहारा भी छिन गया। अचानक घर जल जाने से दोनों काफी परेशान हैं। आग किस वजह से लगी, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।

Tags: