Bangladesh बांग्लादेश : बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला नरसिंहदी जिले से सामने आया है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक हिंदू किराना दुकानदार की बेहद क्रूर तरीके से हत्या कर दी। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोनी चक्रवर्ती के रूप में हुई है, जो शिबपुर उपजिला के साधुचार यूनियन के निवासी थे। वे लंबे समय से पलाश उपजिला के चर्सिंदुर बाजार में किराने की दुकान चलाते थे। रात करीब 11 बजे मोनी चक्रवर्ती अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें पलाश उपजिला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
पलाश थाने के अधिकारी-इन-चार्ज शाहिद अल मामून ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। हत्या के पीछे की वजह भी फिलहाल साफ नहीं हो पाई है।लगातार हो रही इन घटनाओं से बांग्लादेश के हिंदू समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। मानवाधिकार संगठनों और अल्पसंख्यक नेताओं का कहना है कि ये घटनाएं चुन-चुनकर की जा रही लक्षित हिंसा का हिस्सा हैं। वहीं अंतरिम सरकार इन मामलों को अलग-अलग आपराधिक घटनाएं बताकर देख रही है। पुलिस जांच जारी है, लेकिन अब तक ज्यादातर मामलों में ठोस कार्रवाई और गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।