25वीं वर्षगांठ पर सवा लाख महिलाओं को बनाएंगे लखपति: गणेश जोशी

Update: 2023-01-18 15:11 GMT

काशीपुर: कृषि एवं जिला प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हमने संकल्प लिया है कि जब उत्तराखंड राज्य 25 साल का होगा तो हम सवा लाख महिलाओं को लखपति बनाएंगे। हॉर्टिकल्चर के उत्पाद को दोगुना कर किसानों की आय को दोगुना करने की बात भी उन्होंने इस दौरान कही।

बुधवार को मुरादाबाद रोड स्थित नवीन अनाज मंडी गेस्ट हाउस में कृषि एवं प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का निस्तारण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा के नेतृत्व में उनका ढोल नागाड़ों व फूल माला पहनाकर स्वागत किया। पत्रकार वार्ता में मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ग्रहण करने के बाद कहा था कि बेटी बचाओ बेटी, बेटी पढ़ाओ।

हमारी प्रदेश सरकार इस पर चलते हुए बेटियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। आज प्रदेश के अंदर 50 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक बहनें हमसे जुड़ी हैं। आज हमारी बहनें इससे जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं, जिसके लिए सरकार भी प्रयासरत है।

मंडी में कैंटीन दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए हम मातृशक्ति को मजबूत करेंगे। कहा कि मंडी कृषि समिति अध्यक्षों की नियुक्ति भी जल्द होगी। निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में देश में जितने चुनाव होंगे, वह सभी भाजपा जीतेगी।

कहा कि जब राज्य 25 साल का होगा तो हॉर्टिकल्चर के उत्पाद को दोगुना करेंगे। कहा कि सेब की प्रजाति में हिमाचल व कश्मीर के बाद उत्तराखंड का एक नाम है। उसके लिए प्रसार प्रचार का कार्य करेंगे, वहीं किसानों को भी मांग के अनुसार पौध देने का कार्य करेंगे। इसके अलावा अन्य फलों के पौधे को भी किसानों को उपलब्ध कराएंगे। कहा कि मंडुवा व झिगौरा की काफी डिमांड है। राशन की दुकानों पर मिलने वाले पांच किलो फ्री राशन में एक किलो मंडुवा उपलब्ध कराएंगे, जिससे उद्देश्य किसानों को प्रोत्साहित करना है।

साथ ही उसकी सही कीमत देने का कार्य भी करेंगे। इसके लिए बिचौलियों को समाप्त कर समितियों के माध्यम से किसानों से सीधा मंडुआ खरीदेंगे। वहीं ऑर्ग्रेनिक खेती को भी बढ़ावा देंगे। कीवी उत्पादन को लेकर भी कार्य करेंगे। वहीं हार्टिकल्चर को लेकर एक्सीलेंस सेंटर भी बनाएंगे। मिशन अखरोट को लेकर कार्य करेंगे, जिससे किसानों की आय दोगुनी करने का एक माध्यम यह भी बन सके।

इसके बाद प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा प्रदेश मंत्री गुरविंदर सिंह चंडोक के आवास पर पहुंचकर बीते माह उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर ऊषा चौधरी, राजेश कुमार, खिलेंद्र चौधरी, सीमा चौहान, योगेश सैनी, ऊषा शर्मा, रेखा सक्सेना, निशा चौहान, सुनीता चौहान आदि मौजूद रहे। 

Tags:    

Similar News

-->