Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में एक भयावह घटना घटी। खिर्सू में एक जंगली भालू ने दो युवकों पर हमला कर दिया। इस घटना में दोनों घायल बताए जा रहे हैं। बताया गया कि वे अग्निवीर भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए घर से निकले थे जब यह हादसा हुआ। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। खबरों के मुताबिक, यह घटना खिर्सू के मथिगांव में हुई। बुधवार को मुख्य सड़क पर दो युवकों पर भालू ने हमला कर दिया। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के निवासी मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें भालू के आतंक से बचाया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में व्यापक आक्रोश है। घायलों की पहचान खिर्सू के मथिगांव निवासी विक्रम सिंह के पुत्र आदर्श और कठूली निवासी भागेश सिंह के पुत्र आकाश सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक अग्निवीर भर्ती परीक्षा की तैयारी के लिए घर से निकले थे, तभी मुख्य सड़क पर पहुंचते ही भालू ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना से लोगों में भय और गुस्सा है और उन्होंने वन विभाग से जंगली जानवरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।