Uttarakhandउत्तराखंड: आरपीएस चकलुवा में आधा दर्जन छात्रों और ग्रामीणों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घायल छात्रों और ग्रामीणों को सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे आरपीएस चकलुवा में बच्चे परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक और भोजन माता ने दरी और कंबल डालकर बच्चों को बचाने का प्रयास किया।
इसी बीच भोजन माता ललिता देवी, कक्षा दो की छात्रा आराध्या और ललिता, कक्षा तीन के छात्र योगेंद्र और रोहित, कक्षा एक के छात्र हिमांशु और रिंकी को मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने 108 पर फोन कर बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी गई। आरपीएस के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी है हमले में ग्रामीण योगेश सैनी, देब सिंह, शेर सिंह और प्रयाग कार्की भी घायल हो गए। ग्रामीण घायलों को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।