Uttarakhand: मूसलाधार बारिश से गौरीकुंड में भूस्खलन, दो जगह हाईवे बंद, यात्रियों को पैदल भेजा गया

Update: 2025-07-04 03:58 GMT
Uttarakhand उत्तराखंड: केदारघाटी में भारी बारिश के चलते गौरीकुंड के पास छोटी पार्किंग और मुनकटिया में भारी भूस्खलन के कारण रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बंद हो गया। इस दौरान केदारनाथ जाने वाले और धाम से लौटने वाले एक हजार से अधिक यात्री कुछ देर के लिए सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रुके रहे। इसके बाद एनएच ने मलबा हटाकर हाईवे को पैदल आवाजाही के लिए खोला, फिर गौरीकुंड में रुके यात्रियों को सुरक्षित सोनप्रयाग भेजा गया और उसके बाद सोनप्रयाग से यात्रियों को समूहों में धाम के लिए भेजा गया। यहां दिनभर यात्रियों को पैदल भेजा गया, जबकि मुनकटिया में देर शाम तक हाईवे बंद रहा।
बुधवार को केदारघाटी क्षेत्र में रातभर भारी बारिश हुई और सोनप्रयाग व गौरीकुंड के बीच दो स्थानों छोटी पार्किंग और मुनकटिया में मलबा आने से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे बंद हो गया। हाईवे बंद होने के कारण गुरुवार सुबह से केदारनाथ यात्रा शुरू नहीं हो सकी। सुबह साढ़े सात बजे तक एसडीआरएफ के जवानों ने यात्रियों को सुरक्षा के बीच गौरीकुंड से सोनप्रयाग सुरक्षित भेज दिया। इसके बाद एनएच ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मलबा हटाकर मार्ग को हाईवे पर पैदल चलने लायक बनाया। सुबह नौ बजे से यात्रियों को सोनप्रयाग से केदारनाथ भेजा गया। इस दौरान पुलिस और एसडीआरएफ के जवान यात्रियों को सुरक्षित सड़क पार कराने में मदद करते रहे।
एनएच के अधिशासी अभियंता ओमकार पांडे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में मलबा हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उधर, सोनप्रयाग में तैनात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि हाईवे बंद होने के कारण यात्रियों को पैदल मार्ग से सोनप्रयाग से गौरीकुंड भेजा जा रहा है। दोपहर तक केदारनाथ से एक हजार यात्री गौरीकुंड होते हुए पैदल मार्ग से सोनप्रयाग पहुंच चुके हैं। वहीं, सोनप्रयाग से 1700 यात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए।
Tags:    

Similar News