Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक घर में आग लगने की खबर है। इस घटना में घर के अंदर सो रही एक वृद्ध महिला और उसके पोते की जलने से मौत हो गई। जबकि अन्य तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया।
चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने जानकारी दी है कि क्षेत्र के करुणा पानी गांव में स्थित एक घर के अंदर आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस दौरान आग लगने से घर का एक हिस्सा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत कार्य चलाया।
जिलाधिकारी ने बताया कि घर के जिस कमरे में आग लगी थी। उसमें 80 वर्षीय महिला और उसका 10 वर्षीय पोता सो रहे थे। वहीं, आग में जलने से दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आग लगने से घर के अन्य कमरों में भी धुआं फैल गया था। लेकिन, उनमें मौजूद तीनों व्यक्तियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।