Uttarakhand उत्तराखंड: नैनीताल के भवाली के देवी मंदिर के पास सोमवार रात आठ बजे शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में पांच दुकानें और उनके ऊपर बने मकान जलकर राख हो गए। एक दुकान में लगी आग ने चार और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और मुख्य बाजार आग की चपेट में आ गया। पहली मंजिल पर बनी दुकानों में लगी आग ने दुकानों के ऊपर बने मकानों को भी राख कर दिया। इस दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां यहां पहुंचीं, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। आग इतनी भयानक थी कि एक के बाद एक आसपास की चार और दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां नहीं पहुंचीं, लोग अपने घरों से बाल्टियों और डिब्बों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लपटें तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। लोग बेबस होकर दुकानों और मकानों को जलता हुआ देखते रहे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने रात करीब साढ़े दस बजे आग पर काबू पाया। बाजार में आग लगने के कारण ऊर्जा निगम ने सुरक्षा की दृष्टि से बाजार क्षेत्र के एक फीडर की लाइट बंद कर दी थी।
एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तीन घंटे के लिए बिजली बंद कर दी गई थी। जल संस्थान के आरपी डोभाल ने बताया कि विभाग ने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों में पानी के टैंकर भरवाए। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में काफी मदद की। आग लगने के सही कारणों और नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है। मंगलवार को जांच के बाद ही नुकसान का पता चल सकेगा।