Uttarakhand उत्तराखंड : उत्तराखंड के लैंसडाउन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज में रविवार को हाथी के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना सुखारो बीट जंगल में हुई, जहां लकड़ी लेने गए बुजुर्ग का अचानक एक जंगली हाथी से सामना हो गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। मृतक का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा।जानकारी के अनुसार, कंडाखाल इलाके के रहने वाले और फिलहाल शिवपुर में रह रहे पंचम सिंह के बेटे बृजमोहन (70 साल) रविवार सुबह अपने पड़ोसी हेमेंद्र सिंह के साथ सुखारो बीट के कंपार्टमेंट नंबर 2 में लकड़ी लेने जंगल गए थे। जंगल के अंदर अचानक उनका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी को देखकर दोनों घबरा गए और जान बचाने के लिए भागने लगे।
इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी खोजबीन के बाद सुखारो बीट के कंपार्टमेंट नंबर 2 से बृजमोहन का शव बरामद किया गया। शुरुआती जांच में पता चला कि हाथी ने उन्हें कुचलकर मार डाला था। इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और ग्रामीणों ने जंगल में हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताई है।वन विभाग नियमों के अनुसार मृतक के परिवार को मुआवजा देगा। उन्होंने बताया कि तत्काल राहत के तौर पर परिवार को तीन लाख रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि दी जाएगी, जबकि बाकी सात लाख रुपये पोस्टमार्टम और जरूरी औपचारिकताओं के बाद दिए जाएंगे।