Uttarakhand उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड के उत्तरकाशी और चमोली समेत कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है. चमोली जिले में बादल फटने से भयंकर तबाही मची है. चमोली में बादल फटने के बाद भारी बारिश हुई और कई जगहों पर भूस्खलन भी हुआ. पहाड़ दरक गए और पहाड़ों से पत्थर टूटकर सड़कों पर आ गए. सड़क जाम हो गई, कई गाड़ियां मलबे में फंसी हुई हैं. प्रशासन मैदान में उतर आया है और लोगों के बचाव अभियान में लगा हुआ है|
चमोली से बेहद डरावनी तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें आप देख सकते हैं कि एक सफेद रंग की एसयूवी पहाड़ के मलबे में फंसी हुई है. अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और इससे पहले कि एसयूवी में सवार लोग कुछ समझ पाते, गाड़ी मलबे के बीच फंस गई. तुरंत आसपास मौजूद लोगों ने एसयूवी में सवार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला. बादल फटने से पहाड़ों की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कों को सबसे ज्यादा नुकसान होता है. इस समय सड़क पर बाढ़ का पानी भरा हुआ है और दूसरी तरफ गाड़ियां दिख रही हैं जो सड़क टूटी होने की वजह से आगे नहीं बढ़ पा रही हैं. ऐसे में कई लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें प्रशासन बचा रहा है।