Uttarakhand accident: टिहरी के थत्यूड़ में देर रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दो भाइयों में से एक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग देर रात ग्राम ललोटना में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने निवास नौघर गांव लौट रहे थे। थत्यूड़-मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर थत्यूड़ से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर पावर हाउस के पास एक कार (UK09A2651) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इसमें कार चालक गंभीर सिंह (53) पुत्र सबल सिंह और उसका भाई महावीर सिंह (48) पुत्र सबल सिंह सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही थत्यूड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय कॉलोनी के लोगों के साथ मिलकर घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के जरिए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल महावीर सिंह को मृत घोषित कर दिया तथा उसके दूसरे गंभीर रूप से घायल भाई को देर रात प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृतक का पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Tags: