Uttarakhand : 42 लाख रुपये कीमत की 141 ग्राम हेरोइन जब्त, पुलिस ने ऐसे फंसाया
Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के खटीमा में स्पेशल टास्क फोर्स कुमाऊं और खटीमा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 42 लाख रुपये कीमत की 141 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार कुमाऊं एसटीएफ को कुछ समय पहले खटीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम गठित कर योजना बनाई गई और तस्कर को माल समेत गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार एसटीएफ के वरिष्ठ एसएसपी नवनीत भुल्लर के निर्देश पर इंस्पेक्टर पवन स्वरूप के नेतृत्व में गठित टीम ने तस्करों पर नजर रखनी शुरू कर दी। मंगलवार रात एसटीएफ टीम को हेरोइन तस्करी के संबंध में सटीक सूचना मिली।
एएनटीएफ और खटीमा पुलिस ने पहेनिया-कुटरी मार्ग पर सुजिया गांव को जाने वाले रास्ते पर अपना जाल बिछा दिया। थाना खटीमा के शारदा टॉकीज के पास वार्ड नंबर 13 निवासी तस्कर यूसुफ अंसारी उर्फ गुड्डू को इसकी भनक नहीं लग सकी और वह एसटीएफ के जाल में फंस गया। आरोपी के पास से 141 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। बरामद हेरोइन की कीमत 42 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी ने बताया कि उसने बरामद हेरोइन नानकमत्ता के हैरी नामक व्यक्ति से खरीदी थी और उसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए खटीमा ले जा रहा था।
पूछताछ में एसटीएफ को अहम जानकारी मिली है। अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मादक पदार्थों की तस्करी प्रशासन के साथ-साथ समाज के लिए भी सिरदर्द बन गई है। इससे देश की युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ता नजर आ रहा है।