Nainital: नैनीताल में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं। यह कदम राज्य में त्वरित और प्रभावी न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। मुख्य न्यायाधीश के निर्देश पर रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार, पौड़ी गढ़वाल के पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल को देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से अपना पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके स्थान पर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (हरिद्वार) के कानूनी सलाहकार बृजेंद्र सिंह को पौड़ी गढ़वाल के पारिवारिक न्यायालय का प्रधान न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश राज्य सरकार को भेजी गई है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई विशेष अदालतों के संचालन को सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। नैनीताल के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को नवसृजित अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय एवं विशेष न्यायालय (एनडीपीएस एक्ट, नैनीताल) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं देहरादून के तीसरे अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय/विशेष न्यायालय-द्वितीय (एनडीपीएस एक्ट देहरादून) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के लिए पॉक्सो मामलों से संबंधित विशेष अदालतों में भी महत्वपूर्ण तैनातियां की गई हैं। देहरादून की एफटीसी/अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) कुसुम को नवसृजित विशेष पॉक्सो कोर्ट (देहरादून) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह उधम सिंह नगर की एफटीसी/अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अनीता गुंज्याल को भी विशेष पॉक्सो कोर्ट की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा हरिद्वार के पांचवें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण बोहरा को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के कानूनी सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की सिफारिश भी की गई है, जो राज्य सरकार की अधिसूचना के बाद प्रभावी होगी। हाईकोर्ट के इस निर्णय को न्यायिक प्रणाली को अधिक प्रभावी और तेज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।