कोटद्वार में स्कूल बसों की जांच, सुरक्षा नियमों में मिलीं कई खामियां
स्कूल बसों में CCTV और GPS की कमी, परिवहन विभाग ने की कार्रवाई
पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के कोटद्वार में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर 16 से 22 नवंबर तक चलाए जा रहे अभियान के तहत स्कूल बसों, वैन और बच्चों को लाने-ले जाने वाले अन्य वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि फिटनेस समाप्त होने पर एक वाहन सीज कर दिया गया।
जांच के दौरान कई वाहनों में सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं। कुछ वाहनों में सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले, जबकि अन्य में बीमा प्रमाणपत्रों की कमियां, खराब सीटें और जीपीएस तथा स्पीड लिमिटिंग डिवाइस (SLD) का अभाव पाया गया।
फिटनेस समाप्त होने के कारण सीज किए गए वाहन में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित दूसरी बस में स्थानांतरित किया गया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित कराना और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जांच अभियान में न्यायाधीश प्रज्ञा तिवारी, एआरटीओ अमित कुमार, सीओ अस्मिता ममगाईं, आरआई टेक्निकल विकास कुमार सहित परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही