हल्द्वानी: उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को हल्द्वानी स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव सहित कई अतिथि शामिल हुए। इस दौरान 14,857 विद्यार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण से हुई। अतिथियों ने शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर लिए हैं। वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।

दीक्षांत समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल रहे।

इस अवसर पर भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं पूर्व रेलवे बोर्ड अध्यक्ष अश्वनी लोहनी को प्रशासनिक और प्रबंधकीय क्षेत्र में योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने इस वर्ष 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई और 1.10 लाख से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित कीं। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन और 135 शोध पत्रों सहित विभिन्न शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

समारोह में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने का संदेश दिया गया।

Tags: