उत्तराखंड में बारिश का कहर: चमोली के पोखरी में कार पर मलबा गिरा, बाल-बाल बचे लोग

Update: 2026-07-24 13:41 GMT

पोखरी (चमोली): चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पोखरी-मोहनखाल मार्ग पर भारी वर्षा के कारण पहाड़ी से अचानक विशालकाय बोल्डर और मलबा आ गिरा, जिसकी चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय कार के भीतर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण मजबूरीवश उन्हें अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े करने पड़ते हैं। बरसात के मौसम में पहाड़ों से लगातार पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना रहता है, जिसके चलते सड़क किनारे खड़े वाहनों पर हर समय हादसे की तलवार लटकी रहती है।

पार्किंग की समस्या पर स्थिति स्पष्ट करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सोहनलाल ने बताया कि पोखरी-हापला मार्ग पर पोखरी से लगभग एक किलोमीटर दूर 'पांव गेट' के पास पार्क और पार्किंग स्थल का निर्माण प्रस्तावित किया गया था। नगर पंचायत ने इस दिशा में कार्य भी प्रारंभ करवा दिया था, लेकिन ग्राम विशाल के ग्रामीणों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति के कारण बीते एक वर्ष से इस परियोजना का काम अटका हुआ है। इसके अलावा क्षेत्र में पार्किंग निर्माण के लिए कोई अन्य उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पंचायत के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि डामर टैक्सी स्टैंड पर 'मल्टी स्टोरी पार्किंग' बनाने का एक प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है, जिसे नगर पंचायत द्वारा लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। पर्याप्त जगह के अभाव में लोग अपनी गाड़ियों को असुरक्षित स्थानों पर पार्क करने को विवश हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था करने और संवेदनशील पहाड़ी ढलानों पर सुरक्षा उपाय पुख्ता करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News