उत्तराखंड चुनाव 2027 की तैयारी तेज, हरिद्वार में जुटेंगे भाजपा के 900 नेता
हरिद्वार से भाजपा का चुनावी शंखनाद, राजनाथ सिंह करेंगे कार्यसमिति को संबोधित
हरिद्वार: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ भाजपा हरिद्वार से चुनावी रणनीति का शंखनाद करने जा रही है। इसके लिए 21 और 22 नवंबर को प्रेमनगर आश्रम में दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन किया जाएगा। बैठक में करीब 900 नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यसमिति का उद्घाटन 21 नवंबर को सुबह नौ बजे होगा। पहले दिन पार्टी के विभिन्न मोर्चों और सात प्रकोष्ठों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति होगी, जिसमें संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इन बैठकों में अब तक किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार होगी।
कुंदन परिहार ने बताया कि पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
वहीं, 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अपेक्षित कार्यकर्ताओं सहित करीब 900 लोग भाग लेंगे।
कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचकर विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यसमिति में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।
इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की रणनीति और भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी मंथन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान और महामंत्री संजीव चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हरिद्वार में होने वाली भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।